Article

भाजपा लोगों को बाँटना जानती हैं, मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस- कन्हैया कुमार

 20 Apr 2024

कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से लोकसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस को दिये इंटरव्यू में कन्हैया ने लोकसभा के चुनाव में उठाये जाने वाले कांग्रेस के मुद्दों को लेकर बात की। कन्हैया ने भाजपा को झूठा और लोगों को बाँटने वाली राजनीति करने वाली पार्टी कहा। कन्हैया ने कहा कि भाजपा ने इन दस सालों में लोगों के लिए कुछ नहीं किया है, बल्कि भाजपा ने अपने उद्योगपति मित्रों को और अमीर और देश में आर्थिक असमानता को बढ़ाने का काम किया है। इस बार लड़ाई अन्याय और न्याय के बीच की है।


भाजपा बस झूठ और ध्यान भटकाना जानती है - कन्हैया कुमार

अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस ने कन्हैया कुमार से पूछा कि दिल्ली में भाजपा ने पिछले दोनों लोकसभा चुनावों में जीत हासिल की है, यह आपके लिए किस तरह की चुनैतियाँ पेश कर रहा है?  कन्हैया ने माना कि भाजपा के साथ उनका चुनावी मुक़ाबला चुनौतीपूर्ण रहने वाला है लेकिन उनका कहना है कि पूरा देश भाजपा के शासन से परेशान है। भाजपा सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पायी है। भाजपा के शासन काल में बेरोज़गारी, महंगाई, आर्थिक असमानता और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बात ही नहीं होती है। कन्हैया ने कहा कि लोकतंत्र में हर चुनौती जनता पर निर्भर करती है, जैसे हालात हैं उससे लगता है कि कांग्रेस के लिए दिल्ली का चुनाव सकारात्मक रहने वाला है। कन्हैया ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस अपना पूरा प्रयास करेगी।

कन्हैया ने मीडिया पर तंज़ कसा और मीडिया के चुनावी सर्वेक्षणों  फर्ज़ी बताया।  कई मीडिया संस्थानों ने अपने सर्वों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने की बात कही है। इंडियन एक्सप्रेस के पत्रकार ने कन्हैया से पूछा कि आपका चुनावी मुक़ाबला बिहारी बनाम बिहारी रहने वाला है, इसपर कन्हैया ने लोकसभा के चुनावों को क्षेत्रवाद से न जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलने और विकास की बात करती है, जिसका ज़िक्र कांग्रेस के घोषणापत्र में भी शामिल है। उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार बने मनोज तिवारी और कांग्रेस के कन्हैया कुमार बिहार के रहने वाले हैं।

कन्हैया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार जनता के मुद्दे कांग्रेस उठायेगी, और भाजपा से पूछा जायेगा कि भाजपा ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के लिए कितना विकास किया है? कितनी नयी नौकरियां लोगों को दी है? कितने नये स्कूल और अस्पताल बनवाये हैं? जिसका भाजपा को जवाब देना पड़ेगा। इंडियन एक्सप्रेस के पत्रकार ने पूछा कि भाजपा आप पर ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग का आरोप लगाती है, आप इसका जवाब चुनावों में कैसे देंगे? कन्हैया ने कहा कि किसी ‘झूठ’ का वो जवाब देना उचित नहीं समझते। भाजपा बस लोगों का ध्यान भटका रही है। बल्कि सवाल भाजपा से पूछा जाना चाहिए कि भाजपा के पास केंद्र में सरकार है और केंद्रीय एजेंसियां भी भाजपा के अधीन है फिर भी उन पर लगाया गया एक भी आरोप साबित नहीं किया जा सका। जब भाजपा चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल में डाल सकती है, तो फिर मुझे अभी तक जेल क्यों नहीं भेजा गया। भाजपा 10 सालों से बेबुनियाद आरोप लगा रही है।



ध्रुवीकरण नहीं बल्कि मुद्दों पर बात होगी

इंडियन एक्सप्रेस ने कन्हैया कुमार की उम्मीदवारी से राजनीतिक ध्रुवीकरण  होने की आशंका ज़ाहिर कि जिस पर कन्हैया ने अपनी सहमति नहीं जतायी। कन्हैया ने कहा कि भाजपा कितना भी झूठ और राजनीतिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर ले, लेकिन कांग्रेस सिर्फ़ मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। कन्हैया ने कहा कि भाजपा ये क्यों नहीं बता रही कि बुलेट ट्रेन का क्या हुआ?, बेरोज़गारी और कीमतें क्यों बढ़ रही हैं?, पक्का घर अभी तक लोगों को क्यों नहीं मिला? कन्हैया ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को सिर्फ ध्रुवीकरण और लोगों को बाँटना आता है।

बेगुसराय से चुनाव लड़ने को लेकर कन्हैया ने कहा कि क्योंकि कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, और एक साथी बेगुसराय से पहले ही उम्म्मीदवार हैं। कन्हैया ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव है, कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है ऐसे में जरूरी नहीं है कि जो जहाँ का है वहाँ से ही चुनाव लड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी से चुनाव लड़ा, क्या वो वाराणसी से हैं?



कांग्रेस लोकसभा के चुनाव को मुद्दों का चुनाव बनायेगी

कन्हैया ने कहा कि भारत जोड़ो और न्याय यात्रा से कांग्रेस को लोगों और उनकी समस्याओं को क़रीब से जानने का मौक़ा मिला है। भाजपा ने लोगों की समस्याओं के लिए कुछ नहीं किया है, लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार सिर्फ़ लोगों का ध्यान भटकाने और दुष्प्रचार करने में लगी हुई है। कन्हैया ने कहा कि आँकड़ों के अनुसार, हर घंटे एक किसान आत्महत्या कर रहा है। कन्हैया ने भाजपा के राज में भारत में बढ़ती भूखमरी और आर्थिक असामनता जैसे मुद्दों को उठाने की बात कही।

कांग्रेस की राजनीतिक प्रतियोगी रही आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने पर कन्हैया ने कहा कि हम सभी अन्याय के ख़िलाफ मिलकर लड़ायी लड़ रहे हैं। कन्हैया ने कहा कि जब बात देश की हो तो लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता पहले एक साथ हाथ मिलाते है जबकि नेता सबसे अंत में होते हैं। आज लोग ‘मित्र काल’ और ‘अन्याय काल’ से मुक्त होकर न्याय चाहते हैं।